लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए गोगी गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और कारोबारी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कारोबारी की पत्नी सपना जैन और एक अन्य आरोपी रजत शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों ने मिलकर पहले पति से पैसे ऐंठने और बाद में हमला कर हत्या की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी नगर के एक थोक व्यापारी को 14 जून से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज मिलने लगे थे। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह पूरा मामला बाहरी गैंग से जुड़ा नहीं था, बल्कि इसके पीछे घरेलू साजिश थी। आरोप है कि पत्नी ने ही अपने पति की दिनचर्या और गतिविधियों की जानकारी आरोपी को दी, जिससे योजना को अंजाम दिया जा सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके मोबाइल से कई अहम सबूत और चैट भी बरामद किए गए हैं। मामले की आगे जांच जारी है