लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
रियलिटी शो 'लॉक अप' के हालिया एपिसोड में एक भावुक पल देखने को मिला, जब होस्ट फराह खान ने गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा की जमकर तारीफ की। फराह ने कहा, "गोविंदा सबके हीरो नंबर वन होंगे, लेकिन तुम मेरी हीरो नंबर वन हो।" यह सुनते ही सुनीता आहूजा अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं।
फराह खान ने सुनीता की जिंदगी के संघर्ष, उनके धैर्य और परिवार के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्षों तक गोविंदा के साथ मजबूती से खड़े रहना और हर परिस्थिति का सामना करना आसान नहीं था। फराह ने सुनीता को "ओरिजिनल स्टार वाइफ" बताते हुए कहा कि आज वह खुद भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
फराह की बातें सुनकर सुनीता काफी भावुक हो गईं। उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा कि परिवार और बच्चों का साथ ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। शो में मौजूद अन्य प्रतियोगी भी इस भावुक पल को देखकर भावुक नजर आए और सुनीता का हौसला बढ़ाया।
हाल के एपिसोड्स में सुनीता आहूजा लगातार चर्चा में रही हैं। इससे पहले उन्होंने शो के माहौल और खाने की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई थी। एक एपिसोड में वह भावुक होकर शो छोड़ने की बात भी कहती नजर आई थीं। बाद में होस्ट्स और साथी प्रतियोगियों ने उन्हें समझाया और उनका हौसला बढ़ाया।
इस भावुक वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने फराह खान की संवेदनशीलता और सुनीता आहूजा की सादगी की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने लिखा कि यह एपिसोड शो के सबसे यादगार पलों में से एक रहा।