लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म 'ईठा' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित इस बायोपिक के टाइटल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि फिल्म के टीजर में श्रद्धा कपूर के लुक और अभिनय की तारीफ हुई, लेकिन शीर्षक को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।
विठाबाई नारायणगांवकर के परिवार और महाराष्ट्र में एनसीपी के फिल्म एवं सांस्कृतिक विभाग ने फिल्म का नाम 'ईठा' रखने पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि बायोपिक का नाम सीधे 'विठाबाई' या 'विठा' होना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी इस महान लोक कलाकार को उनके वास्तविक नाम से पहचान सके।
फिल्म में अभिनेता अनंत जोशी भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य विठाबाई के संघर्ष और कला को लोगों तक पहुंचाना है। उनका मानना है कि दर्शकों को पूरी फिल्म देखने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए।
निर्माताओं की ओर से अभी तक टाइटल बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में रिलीज से पहले यह देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म अपने मौजूदा नाम 'ईठा' के साथ सिनेमाघरों में आती है या विवाद के बाद शीर्षक में बदलाव किया जाता है।