अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन अब उनकी वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबर है कि वह करीब 8 साल बाद फिल्मों में वापसी कर सकती हैं और इस बार साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आ सकती हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अनुष्का शर्मा फिल्म AA22xA26 में नजर आ सकती हैं। हालांकि इस प्रोजेक्ट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अगर यह खबर सही साबित होती है तो यह उनकी पहली तेलुगु फिल्म होगी।
इस फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं, जो इससे पहले ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ बना चुके हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म एक बड़े बजट की साइंस फिक्शन होगी, जिसमें दीपिका पादुकोण भी अहम भूमिका में नजर आ सकती हैं।
इसके अलावा फिल्म में मृणाल ठाकुर, जाह्नवी कपूर और रश्मिका मंदाना के शामिल होने की भी चर्चा है।
गौरतलब है कि अनुष्का शर्मा आखिरी बार साल 2018 में फिल्म ‘जीरो’ में शाहरुख खान और कटरीना कैफ के साथ नजर आई थीं। इसके बाद वह बड़े पर्दे से दूर हैं। उनकी फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’, जो झूलन गोस्वामी की बायोपिक है, अभी तक रिलीज नहीं हो पाई है।
अब फैंस को उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार है और अगर ये प्रोजेक्ट फाइनल होता है तो यह उनकी करियर की बड़ी वापसी साबित हो सकती है।