लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
आधार कार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार से जुड़ी ऑनलाइन दस्तावेज अपडेट (Document Update) सेवा को 1 जुलाई 2026 से सीमित अवधि के लिए मुफ्त करने का फैसला किया है। इस फैसले का उद्देश्य लोगों को अपने आधार रिकॉर्ड को समय पर अपडेट रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
UIDAI द्वारा जारी नए सर्कुलर के अनुसार, जिन लोगों को अपने आधार में पहचान या पते से संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन अपडेट कराने हैं, वे निर्धारित अवधि के दौरान myAadhaar पोर्टल के माध्यम से बिना किसी शुल्क के यह सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। सामान्य परिस्थितियों में इस सेवा के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाता है।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि जिनका आधार कई वर्षों से अपडेट नहीं हुआ है या जिनके दस्तावेजों में बदलाव हुआ है, वे इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठाएं। इससे सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों में आधार से जुड़ी परेशानियों से बचा जा सकेगा।
हालांकि, यह सुविधा केवल ऑनलाइन दस्तावेज अपडेट पर लागू होगी। आधार सेवा केंद्र पर बायोमेट्रिक, फोटो, मोबाइल नंबर या अन्य बदलावों के लिए लागू शुल्क पहले की तरह देना होगा।