बरेली में पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए नकली यौनवर्धक दवाएं बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी Instagram पर ‘Herbal and Jari Booti’ नाम से पहचान बनाकर खुद को डॉक्टर और पारंपरिक चिकित्सा विशेषज्ञ बताते थे। ग्राहकों को 250 से 300 रुपये या उससे अधिक में कथित शक्तिवर्धक दवाएं बेचने का दावा किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय समीरुद्दीन और 25 वर्षीय यूसुफ शामिल हैं, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस का कहना है कि समीरुद्दीन सिर्फ आठवीं कक्षा तक पढ़ा है, लेकिन वह फोन पर ग्राहकों से डॉक्टर बनकर बातचीत करता था। ऑर्डर ऑनलाइन लिए जाते और UPI के जरिए भुगतान लेने के बाद दवाएं पार्सल से भेजी जाती थीं।
राजीव एन्क्लेव स्थित मकान पर छापेमारी में पुलिस ने 85 पैकेट कथित नकली दवाएं, 12 मोबाइल, कंप्यूटर, मॉनिटर, प्रिंटर, पैकिंग सामग्री, फर्जी लाइसेंस, 14 ATM कार्ड, छह चेकबुक और 1.99 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस अब फरार आरोपी और कथित सप्लायरों की तलाश के साथ बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।