गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
तिनसुकिया में रंगाली बिहू के उल्लासपूर्ण माहौल के बीच एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लखीपथार वनक्षेत्र में अवैध शिकारियों ने एक जिंदा पालतू हाथी के दोनों दांत काट दिए, जिससे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, मार्घेरिटा के सोनजॉय दोवानिया नामक व्यक्ति के स्वामित्व वाला “मंगल सिंह” नाम का हाथी चराने के लिए वन विभाग को सूचित करते हुए लखीपथार वनक्षेत्र में रखा गया था। हाथी के महावत ने बताया कि 14 अप्रैल की शाम को रोज की तरह हाथी को निर्धारित स्थान पर बांधकर वह अपने घर चला गया।
अगली सुबह 15 अप्रैल को जब वह वापस पहुंचा तो हाथी वहां नहीं मिला। इसके बाद तुरंत इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। महावत के अनुसार, हाथी पहले भी कई बार बंधन तोड़कर आसपास के इलाकों में चला जाता था, इसलिए पहले आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की गई।
काफी खोजबीन के बाद हाथी जंगल के बीच अत्यंत कमजोर हालत में मिला। उसके दोनों दांत काट लिए गए थे और वह गंभीर दर्द में था। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी का इलाज शुरू कराया गया। पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
इस अमानवीय घटना की हर ओर निंदा हो रही है। प्रकृति प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे मानवता का पतन बताया है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम अवैध शिकारियों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।