अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नई दिल्ली, 06 मार्च। हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 353.69 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूटकर 79,662.21 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला निफ्टी 117.70 अंक यानी 0.48 प्रतिशत गिरकर 24,617.75 अंक पर ट्रेंड कर रहा था।
एक दिन की तेजी के बाद बाजार में फिर से कमजोरी देखने को मिली। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयर गिरावट के साथ खुले। इंडिगो और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, एलएंडटी, टाटा स्टील, मारुति, एचडीएफसी बैंक, अडानी पोर्ट्स और भारती एयरटेल के शेयरों में भी दबाव देखा गया।
हालांकि आईटी सेक्टर के कुछ शेयरों में मजबूती बनी रही। बीईएल, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा, रिलायंस और इटरनल के शेयरों में शुरुआती कारोबार में बढ़त देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को शेयर बाजार लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ था। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 899.71 अंक यानी 1.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 80,015.90 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,765.90 अंक पर बंद हुआ था।