गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शिमला जिले में पुलिस और आबकारी विभाग ने 15 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के दो मामलों का खुलासा किया। दोनों ही मामलों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में थाना सदर क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध कार से देसी शराब “ऊना नंबर-1” के 20 कार्टन बरामद किए। कुल 240 बोतलों की यह खेप आरोपी लोकपाल शर्मा के कब्जे से मिली, जिसने खुद को वाहन का मालिक बताया। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
दूसरे मामले में थाना चिड़गांव क्षेत्र में आबकारी विभाग की सूचना पर वाइन शॉप में छापेमारी की गई। यहां से आईएमएफएल, देशी शराब, बीयर और अन्य शराब की बड़ी मात्रा बरामद हुई। जांच में सामने आया कि दुकान का लाइसेंस 31 मार्च 2025 को समाप्त हो चुका था। आरोपी निखिल मेहता वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस और आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।