गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के थाना पुवायां क्षेत्र में बीती देर रात मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने मंगलवार को बताया कि देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनने वाले तीन बदमाश मोटरसाइकिल से सिसोरा की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोहम्मदी रोड पर अंडरपास के पास चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से आते तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगे। जल्दबाजी में उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। जब पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुवायां थाना क्षेत्र निवासी सौरभ मिश्रा गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सौरभ मिश्रा के साथ उसके दो साथियों अर्पित सक्सेना (निवासी पुवायां) और मौसम दीक्षित (निवासी सिसोरा, थाना मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को जठियापुर खुर्द निवासी आशीष सक्सेना मीना बाजार से सब्जी खरीदने गए थे। इसी दौरान इन तीनों बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और पल्सर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने दो टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू की थी।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपी राहगीरों को निशाना बनाकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देने के आदी हैं। इनके खिलाफ शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के पास से अवैध असलाह, कारतूस और छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।