अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया I
नई दिल्ली के मध्य जिले में पुलिस ने QR कोड के जरिए दुकानदारों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई करोल बाग थाना पुलिस द्वारा की गई, जहां आरोपी संदिग्ध हालत में कई iPhone बेचने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, गफ्फार मार्केट में गश्त के दौरान पुलिस टीम को आरोपी पर शक हुआ। पूछताछ में वह मोबाइल फोन के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने ये iPhone QR कोड स्कैम के जरिए ठगी कर हासिल किए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद परवेज (21), निवासी मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह दुकानदारों से महंगे सामान खरीदने के बाद भुगतान के लिए QR कोड स्कैन करने का नाटक करता था और फिर फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर बिना पैसे दिए ही सामान लेकर फरार हो जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों को निशाना बनाता था, ताकि आसानी से बच निकल सके। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन महंगे iPhone बरामद किए हैं, जिनमें से कुछ फोन पहले दर्ज मामलों से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच भी शुरू कर दी है कि वह किसी बड़े ठगी गिरोह से जुड़ा हुआ है या नहीं।