लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनेरीबांध गांव में सोमवार रात एक भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें दिलीप पाठक का खपड़ापोस (कच्चा) मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
इस हादसे में करीब 50 हजार रुपये नगद सहित लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन दल और ग्रामीणों को करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10:30 बजे घर के भीतर जल रही मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से आग लग गई। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, जिससे आग लगने की जानकारी समय पर नहीं हो सकी। देखते ही देखते कंडी और बांस से बना कच्चा मकान आग की चपेट में आ गया।
परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मोटर पंप के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और रात करीब 2 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
पीड़ित दिलीप पाठक ने बताया कि उनके परिवार में पांच बेटियां हैं। जिस घर में आग लगी, उसमें उनकी दो बेटियां अपने परिवार के साथ रहती थीं। घटना के समय वे और उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थे।
उन्होंने बताया कि उनकी नातिन की शादी की तैयारी चल रही थी और सगाई के लिए सामान खरीदा गया था, जो इस आग में जलकर नष्ट हो गया। आग में सोने-चांदी के जेवर, नकदी, खाद्य सामग्री, कपड़े, फर्नीचर सहित अन्य जरूरी सामान भी राख हो गए।
मकान पूरी तरह जल जाने के कारण अब परिवार को रिश्तेदारों के यहां रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस हादसे ने एक खुशहाल परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।