गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदिया पंचायत के सुअरलेटी गांव में जंगली हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार युवक रोज की तरह गांव के खटाल से दूध लेकर घर लौट रहा था, तभी जंगल क्षेत्र में घूम रहे जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हाथी ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर भरण-पोषण का संकट गहरा गया है।
घटना को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद लोगों को सतर्क करने के लिए न तो माइकिंग की गई और न ही नियमित गश्त की व्यवस्था की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते चेतावनी दी जाती तो इस हादसे को टाला जा सकता था। मौके पर पहुंचे लोगों ने यह भी देखा कि एक भैंस को भी हाथी ने मार डाला है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग शाम होते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।