गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पथरोटा नहर के पास एक कार से भारी मात्रा में शराब जब्त की। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पकड़ी गई कार का नंबर MP 04 CW 0952 है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई, जिसमें 10 पेटी प्लेन शराब, 16 पेटी अंग्रेजी शराब और 2 पेटी बीयर शामिल हैं। अंग्रेजी शराब में सिग्नेचर, 8 पीएम, ब्लेंडर्स प्राइड और नंबर वन व्हिस्की जैसे ब्रांड शामिल बताए गए हैं।
पुलिस ने वाहन समेत पूरी शराब की खेप जब्त कर ली। थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि शराब किसकी थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है, ताकि अन्य संलिप्त लोगों तक पहुंचा जा सके।