लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
नगर थाना क्षेत्र के मोहन नगर मोहल्ले में मंगलवार की मध्य रात्रि भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी आनंद मिश्रा के मकान में लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस हादसे में परिवार के तीन सदस्य झुलस गए हैं, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। इसी दौरान संभवतः बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण मकान के मुख्य दरवाजे और निचली मंजिल में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर वालों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई सदस्य अंदर फंस गए थे, लेकिन उन्होंने साहस दिखाते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
इस अग्निकांड में घर के अंदर खड़े वाहन पूरी तरह जल गए। पीड़ित आनंद मिश्रा के अनुसार एक बैटरी चालित स्कूटी, दो मोटरसाइकिलें और साइकिलें पूरी तरह स्वाहा हो गईं। इसके अलावा घर में रखा कॉस्मेटिक्स का स्टॉक, फर्नीचर, कीमती कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया।
आग की लपटें देख पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले पड़ोसियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काफी विकराल थी। सूचना मिलने के बाद पहुंची दमकल की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
घटना में झुलसी महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।