गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
कोलकाता के पूर्व जादवपुर थाना क्षेत्र स्थित यमुनानगर इलाके में सोमवार सुबह अचानक हिंसा भड़क उठी। घटना के दौरान गोली चलने की खबर से इलाके में दहशत फैल गई और कई स्थानीय लोग घायल हो गए।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, तेज रफ्तार बाइक चलाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। विरोध करने पर कुछ असामाजिक तत्वों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश भी की गई।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोग आरोपितों के घर के बाहर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान बाहरी तत्वों को बुलाकर धारदार हथियारों से हमला करने और इलाके में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है।
स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनने का दावा किया है, हालांकि पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए केंद्रीय बल तैनात किया गया।
पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।