गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
कानपुर के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित मोतीझील की दाहिनी झील में बुधवार को एक 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर साक्ष्य जुटाए और नाव की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय किशोर के रूप में हुई, जो चौधरीपुर, बिठूर क्षेत्र निवासी बाबू सिंह का पुत्र था और वर्तमान में स्वरूपनगर क्षेत्र की छोटी गुटैया में रह रहा था। परिजनों के अनुसार किशोर मानसिक रूप से कमजोर था और 24 मार्च की सुबह से घर से लापता था।
अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं, हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।