लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Jharkhand में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में 5 और 6 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही 7 अप्रैल तक कई क्षेत्रों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 5 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। वहीं 6 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, Ranchi, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और गिरिडीह समेत कई जिलों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा 7 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन दिनों राज्य में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। राजधानी Ranchi सहित कई इलाकों में धूप और बादलों का मिला-जुला असर बना हुआ है, जिससे कभी गर्मी तो कभी राहत महसूस हो रही है।
पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान Jamshedpur और Daltonganj में 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
शुक्रवार को Ranchi में अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम 21.6 डिग्री, Jamshedpur में 39.7 और 24.7 डिग्री, Daltonganj में 39.4 और 22.5 डिग्री, बोकारो में 36.1 और 21.1 डिग्री तथा चाईबासा में 38.4 और 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से खुले में जाने से बचें।