अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
जौनपुर, 06 मार्च। जौनपुर जिले के जलालगंज रेलवे स्टेशन के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज के प्रयासों के बाद लखनऊ–वाराणसी सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस (20401/20402) का ठहराव अब जलालगंज स्टेशन पर शुरू हो गया है। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों तथा समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ इसका स्वागत किया।
रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में सांसद प्रिया सरोज ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी, जिसके पूरा होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
सांसद प्रिया सरोज ने बताया कि जलालगंज और आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को लखनऊ और वाराणसी जाने के लिए पहले दूसरे स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता था। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय और पैसे दोनों खर्च करने पड़ते थे। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने लोकसभा में यह मुद्दा उठाया और रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर यहां ट्रेन के ठहराव की मांग की थी।
रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से जारी आदेश के बाद अब इस सुपरफास्ट शटल एक्सप्रेस का जलालगंज स्टेशन पर नियमित ठहराव शुरू हो गया है। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने सांसद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में अहम साबित होगा