लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ईरान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत वेस्ट अज़रबैजान में खुफिया एजेंसियों ने एक बड़े जासूसी नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है। अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग अभियानों में एक जासूस समेत कई आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है और बड़ी मात्रा में उन्नत जासूसी व संचार उपकरण बरामद किए गए हैं।
सरकारी मीडिया इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग से जुड़े Press TV की रिपोर्ट के अनुसार, खुफिया बलों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया। ईरान के खुफिया मंत्रालय ने बताया कि जब्त किए गए उपकरणों में अमेरिका और इज़राइल में निर्मित 45 आधुनिक जासूसी डिवाइस शामिल हैं, जिन्हें उत्तर-पश्चिमी सीमाओं के जरिए देश में तस्करी कर लाया जा रहा था।
खुफिया एजेंसियों ने कुल 8 आतंकियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें से 4 संदिग्धों ने पीरानशहर में एक आतंकी सेल बना रखा था और वे ईरानी सैन्य ठिकानों की संवेदनशील जानकारी मोसाद को भेज रहे थे। बाकी आरोपियों को उर्मिया और ओशनावियेह से गिरफ्तार किया गया।
एक अन्य कार्रवाई में पीरानशहर से एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया, जो कथित तौर पर अमेरिका और इज़राइल के इशारे पर जासूसी गतिविधियों में संलिप्त था और संवेदनशील सूचनाएं जुटा रहा था।
गौरतलब है कि हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच यह कार्रवाई हुई है। 28 फरवरी को हुए हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और गहरा गया है, जिसके जवाब में ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी और इजराइली ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले भी किए थे।