लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
भारत ने वैश्विक विमानन क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पेरिस के प्रतिष्ठित Prix Versailles 2026 ने दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स की सूची जारी की है, जिसमें भारत के दो एयरपोर्ट—लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, गुवाहाटी (टर्मिनल-2) और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टर्मिनल-1)—को शामिल किया गया है। यह सम्मान भारत के आधुनिक एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और विश्वस्तरीय वास्तुकला की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को दर्शाता है.
गुवाहाटी स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नया टर्मिनल-2 असम और पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित वास्तुकला, विशाल खुले स्थान, प्राकृतिक रोशनी के बेहतर उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन के लिए सराहा गया है। इस टर्मिनल को यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय पहचान को दर्शाने वाली कलात्मक अवधारणा के कारण वैश्विक मंच पर विशेष पहचान मिली है।
वहीं, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 को अत्याधुनिक डिजाइन, टिकाऊ (Sustainable) निर्माण, स्मार्ट तकनीक और भविष्य की विमानन आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई संरचना के लिए इस सूची में शामिल किया गया है। यह एयरपोर्ट मुंबई महानगर क्षेत्र पर बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने के साथ-साथ भारत के प्रमुख एविएशन हब के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Prix Versailles विश्व स्तर पर वास्तुकला और सार्वजनिक अवसंरचना के क्षेत्र में दिया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है। इस पुरस्कार के लिए चयन केवल भवन की सुंदरता के आधार पर नहीं, बल्कि नवाचार, पर्यावरणीय स्थिरता, सांस्कृतिक पहचान और यात्रियों के अनुभव जैसे मानकों पर किया जाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपलब्धि से भारतीय एयरपोर्ट्स की वैश्विक प्रतिष्ठा और मजबूत होगी। यह सम्मान देश में तेजी से विकसित हो रहे आधुनिक विमानन ढांचे और विश्वस्तरीय सुविधाओं का प्रमाण है। आने वाले वर्षों में भारत अंतरराष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक मजबूत स्थिति हासिल कर सकता है।