गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
गाजियाबाद (एनसीआर)। मेरठ रोड के निकट स्थित निलाया ग्रीन्स सोसायटी में रविवार को वरिष्ठ नागरिकों ने नवनिर्वाचित अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) टीम का स्वागत किया और उन्हें सोसायटी के विकास एवं बेहतर व्यवस्था के लिए शुभकामनाएं दीं। निलाया वरिष्ठ नागरिक मंच के तत्वावधान में सोसायटी के क्लब हाउस में आयोजित बैठक में बुजुर्गों ने नई टीम के सामने अपनी अपेक्षाएं और सुझाव भी रखे।
बैठक की शुरुआत एच-108 निवासी रहे दिवंगत पीसी चंदोला की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने अपना परिचय दिया। नवनिर्वाचित AOA अध्यक्ष दीपक त्यागी, उपाध्यक्ष मनजीत चौहान, सचिव अश्वनी जायसवाल, कोषाध्यक्ष अमित सक्सेना और कार्यकारिणी सदस्य धीरज शर्मा, रोहित दुबे तथा अश्विनी कुमार ने अपने विचार साझा किए।
AOA पदाधिकारियों ने बताया कि फिलहाल एसोसिएशन के पंजीकरण और बिल्डर से कार्यभार प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोसायटी की सुरक्षा और विकास से जुड़ी योजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योजनाओं को लागू करते समय वरिष्ठ नागरिकों और अन्य निवासियों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के दौरान सोसायटी में आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। इस मुद्दे पर निवासियों ने अपनी चिंताएं और अपेक्षाएं साझा कीं। वहीं, विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. भुवन कुमार ने AOA टीम को आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए और आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारी तथा समन्वय के महत्व पर जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन निलाया वरिष्ठ नागरिक मंच के संयोजक और पत्रकार सत्येन्द्र प्रकाश ने किया। उन्होंने अपनी स्वरचित मुक्तकों और पदाधिकारियों के नामों के अनुरूप रोचक टिप्पणियों के साथ बैठक को आगे बढ़ाया। बैठक में सुनील कुमार, सतीश राजपूत, देवेंद्र कुमार सिंह और मंगू सिंह त्यागी सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।
बैठक की अध्यक्षता ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान 2026’ से सम्मानित महावीर प्रसाद त्यागी ने की। मंच के संरक्षक सुरेन्द्र नाथ दास ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आशीर्वचन और शुभकामनाएं देते हुए उनसे सोसायटी में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नीलकांत मिश्र, कैलाश गुप्ता, नरेश पाल, राजेंद्र त्यागी, विमल घोष, फतेह बहादुर सिंह, अखिलेश राय, पूरन चन्द और अरविन्द कुमार साहू सहित कई सदस्य मौजूद रहे। आमंत्रित अतिथियों शुभाशीष और अनिल मिश्र की भी विशेष उपस्थिति रही। बैठक का समापन संचालक की घोषणा और जलपान के साथ हुआ।