लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
मुंबई के भायखला इलाके में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध परिस्थितियों में कैप्सूल बांटते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से करीब 15 हजार कैप्सूल बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि इनमें चूहे मारने वाली दवा हो सकती है।
पुलिस का कहना है कि भीड़ में उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। वहीं आरोपी का दावा है कि ये कैप्सूल किसी तरह का जहर नहीं, बल्कि दर्द निवारक दवा हैं।
बताया गया है कि कथित तौर पर एक व्यक्ति ने कैप्सूल खाने के बाद उल्टी और मितली की शिकायत की, जिसके बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई। पुलिस ने बरामद कैप्सूलों को जांच के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही इनके वास्तविक तत्वों की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना पर AIMIM समेत कई विपक्षी दलों ने निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।