लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
11 जुलाई 2026 को भारत और न्यूजीलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) की घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई वार्ता में दोनों देशों ने वर्ष 2030 तक वस्तुओं और सेवाओं के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार को ₹35,000 करोड़ (NZ$7 अरब) तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया।
बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कुल 18 महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए, जिनमें 10 समझौतों (Agreements) पर हस्ताक्षर शामिल हैं। इन समझौतों का उद्देश्य आर्थिक सहयोग बढ़ाने, निवेश को प्रोत्साहन देने और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करना है।
दोनों देशों ने 'रणनीतिक साझेदारी रोडमैप 2030' भी अपनाया, जिसके तहत अगले चार वर्षों में व्यापार, कृषि, कौशल विकास, नवाचार (Innovation), स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और खेल जैसे क्षेत्रों में व्यापक सहयोग किया जाएगा। यह रोडमैप दोनों देशों के दीर्घकालिक संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौता (Free Trade Agreement - FTA) भी इस व्यापार लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा। सरकार के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है, जो आर्थिक संबंधों के लगातार मजबूत होने का संकेत है।