लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' ने रिलीज के पहले ही वीकेंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। फिल्म ने तीन दिनों में करीब 65 करोड़ रुपये का घरेलू नेट कलेक्शन किया, जबकि वैश्विक कमाई 92 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है।
रविवार को फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और तीसरे दिन लगभग 28.5 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। पारिवारिक दर्शकों और सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ का फिल्म को भरपूर फायदा मिला, जिससे यह साल की सबसे सफल ओपनिंग वीकेंड फिल्मों में शामिल हो गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'धमाल 4' ने पहले वीकेंड के प्रदर्शन के मामले में 'वेलकम 3' (वेलकम टू द जंगल) को पीछे छोड़ दिया है। इससे अजय देवगन ने अपने करियर में एक और बड़ा बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
निर्देशक इंद्र कुमार की इस फिल्म में कॉमेडी, स्टारकास्ट और मनोरंजन का भरपूर तड़का देखने को मिल रहा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि यही रफ्तार बनी रही तो फिल्म जल्द ही 100 करोड़ क्लब में प्रवेश कर सकती है।