गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पश्चिम एशिया में तनाव के शांतिपूर्ण समाधान की उम्मीद का सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। इसी कारण शुक्रवार को बाजार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई और शुरुआती कारोबार में बढ़त का रुख बना रहा।
कारोबार की शुरुआत के बाद बाजार में खरीदारों और बिकवालों के बीच जोरदार खींचतान देखने को मिली, जिससे BSE Sensex और Nifty 50 दोनों में उतार-चढ़ाव बना रहा। हालांकि सुबह 10 बजे तक के कारोबार में खरीदार हावी नजर आए, जिसके चलते सेंसेक्स करीब 0.94 प्रतिशत और निफ्टी 0.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
इस दौरान दिग्गज शेयरों में Shriram Finance, Axis Bank, Asian Paints, Jio Financial Services और ICICI Bank के शेयरों में 2.78% तक की तेजी देखी गई। दूसरी ओर Sun Pharmaceutical, Infosys, TCS, Tech Mahindra और HCL Technologies के शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बाजार में व्यापक खरीदारी का माहौल दिखा। कुल 2,693 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 2,441 शेयर हरे निशान में और 252 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयरों में तेजी रही, जबकि 6 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं निफ्टी के 50 में से 41 शेयर बढ़त और 9 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
BSE Sensex ने 489 अंक की बढ़त के साथ 77,121 के स्तर पर शुरुआत की और कारोबार के दौरान 77,360 तक पहुंचा, जबकि निचले स्तर पर 76,851 तक फिसला। सुबह 10 बजे तक यह करीब 717 अंकों की तेजी के साथ 77,348 के स्तर पर बना हुआ था।
इसी तरह Nifty 50 ने 105 अंकों की बढ़त के साथ 23,880 के स्तर से कारोबार शुरू किया। कारोबार के दौरान यह 23,998 तक चढ़ा और 23,856 तक फिसला। सुबह 10 बजे तक निफ्टी करीब 219 अंकों की तेजी के साथ 23,994 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को बाजार में गिरावट रही थी, जब सेंसेक्स 931 अंक टूटकर 76,631 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 222 अंक गिरकर 23,775 के स्तर पर बंद हुआ था।