गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दिग्घी गांव में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिग्घी गांव में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने दिग्घी गांव में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कुछ संदिग्ध लोग भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से सभी को खदेड़कर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिशु कुमार, राहुल कुमार, राजेश कुमार, चंदन कुमार दास, धर्मवीर कुमार दास, सिंदु कुमार और बुध नारायण ठाकुर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 8.15 ग्राम ब्राउन शुगर और 8,650 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।