फॉर्म में चल रहे पृथ्वी शॉ की शानदार पारी के दम पर भारत ए ने पहले अनाधिकृत वनडे में न्यूजीलैंड ए को पांच विकेट से हराया। शिखर धवन के चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की वनडे टीम में चुने गए 20 वर्ष के पृथ्वी शॉ ने 35 गेंद में 48 रन बनाए। भारत की टी20 टीम में धवन की जगह आए विकेटकीपर संजू सैमसन ने 21 गेंद में 39 रन बनाए। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंद में 35 रन का योगदान दिया।
न्यूजीलैंड ए टीम का जीत के लिए 231 रन का लक्ष्य भारत ने 20 से अधिक ओवर बाकी रहते हासिल कर लिया। भारत ए के लिए मोहम्मद सिराज सबसे उपयोगी गेंदबाज रहे जिन्होंने 6.3 ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, खलील अहमद और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। भारत ए टीम ने न्यूजीलैंड ए को नौ गेंद
बाकी रहते 230 रन पर आउट कर दिया।
न्यूजीलैंड ए के लिए रचिन रविंद्र ने 58 गेंद में 49 और कप्तान टाम ब्रूस ने 55 गेंद में 47 रन बनाए। भारत ए की शुरुआत तेज रही जब पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल ने अपने मनचाहे अंदाज में रन बनाए। भारत का पहला विकेट 79 रन के स्कोर पर गिरा, जब जिम्मी नीशाम ने पृथ्वी शॉ को पवेलियन भेजा। शॉ ने अभ्यास मैच में 100 गेंद में 150 रन बनाए थे। इस मैच में उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के जड़े।
कप्तान शुभमन गिल 30 रन बनाकर आउट हुए। संजू सैमसन ने अपनी पारी में दो छक्के और तीन चौके जड़े। मुंबई के सूर्यकुमार ने भी तीन चौके और दो छक्के लगाए। विजय शंकर ने 20 और क्रुणाल पांड्या ने 13 रन की पारी खेली। दूसरा और तीसरा मैच क्राइस्टचर्च में शुक्रवार और शनिवार को खेला जाएगा।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments