गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर स्नेह राणा सोमवार तड़के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचीं स्नेह राणा पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने नंदी हॉल में करीब दो घंटे तक बैठकर भगवान शिव की आराधना की और भस्म आरती के दिव्य दृश्य श्रद्धा के साथ देखे।
भस्म आरती के बाद उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान वे गहरी आस्था में डूबी दिखाई दीं। जानकारी के अनुसार, वह अपने पारिवारिक मित्रों के साथ उज्जैन आई थीं, जहां मंदिर प्रशासन ने उनका स्वागत और सम्मान भी किया।
दर्शन के बाद स्नेह राणा ने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है और यहां आकर उनका जीवन धन्य हो गया।
गौरतलब है कि स्नेह राणा अपने खेल के साथ-साथ आध्यात्मिक आस्था के लिए भी जानी जाती हैं। हाल के वर्षों में कई खिलाड़ी और प्रसिद्ध हस्तियां भी महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने पहुंचती रही हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।