अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
प्रयागराज, 14 मार्च। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
यह जानकारी सहायक पुलिस आयुक्त धूमनगंज अजेन्द्र यादव ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि फायरिंग की घटना के बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दबिश दी और रहमान नामक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भीटी इलाके में करीब 15 दिन पहले फुजैल के बेटों ने मामूली विवाद में नजर नाम के युवक की पिटाई कर दी थी। इसके बाद मामला शांत हो गया था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अलविदा की नमाज के बाद फुजैल और नजर आमने-सामने आ गए, जहां दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान नजर ने देशी तमंचे से फुजैल पर फायर कर दिया। गोली लगने से पास में खड़ी फुजैल की पत्नी और भतीजा घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।