गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
मणिपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 310 लीटर देसी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त शराब समेत आबकारी विभाग को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कार्रवाई मंगलवार को इंफाल के मयांग थोंगखोंग क्षेत्र में की गई।
पुलिस ने एंड्रो खुनौ लीकाई निवासी चिंगाखाम नीलाबीर सिंह (26) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लीटर वाली लगभग 270 बोतलें, यानी कुल 270 लीटर देसी शराब बरामद की गई।
इसके अलावा, आधा लीटर क्षमता वाली 80 बोतलें भी जब्त की गईं, जिनमें कुल 40 लीटर शराब थी। इस प्रकार कुल 310 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी और जब्त शराब को आवश्यक कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को सौंप दिया है। आबकारी विभाग मामले की जांच कर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
राज्य में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं।