जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करने वाला दिव्यांग युवक रामू साहू इंटरनेट पर काफी मशहूर हो चुका है। फूड डिलीवरी सर्विस ऐप ने उसे एक इलेक्ट्रिक साइकिल गिफ्ट की है। इंटरनेट पर जोमैटो की इस पहल की जमकर तारीफ हो रही है। कुछ यूजर्स ने रामू को एक प्रेरक व्यक्ति बताकर उसकी भी सराहना की है।
रामू राजस्थान के ब्यावर का रहने वाला है। वह जौमैटो के लिए व्हीलचेयर पर खाने की सप्लाई करता था। किसी ने उसका वीडियो बनाकर ट्विटर पर डाल दिया। जोमैटो के संस्थापक को जब पता चला कि उनका डिलीवरी बॉय व्हीलचेयर पर खाने की सप्लाई करता है तो उन्होंने उसे इलेक्ट्रिक साइकिल
देने का फैसला किया। जोमैटो के संस्थापक ने खुद अपने ट्विटर हैंडल से रामू का वीडियो पोस्ट कर लोगों को इसकी जानकारी दी।
उनका कहना है कि इस इलेक्ट्रिक साइकिल के जरिए रामू और ज्यादा अच्छे तरीके से अपना काम कर सकेगा। उसे एक जगह से दूसरी जगह आने जाने में अब परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जोमैटो की तरफ से एक तस्वीर भी ट्वीट की गई। इसमें लिखा था- हमारे डिलीवरी बॉय रामू ने सम्मानपूर्वक इलेक्ट्रिक साइकिल को लेना स्वीकार किया। कंपनी का कहना है कि उसे वाहन देने का फैसला कुछ समय पहले किया गया था। रामू ने इस पहल के लिए कंपनी का धन्यवाद किया है।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments