जन अधिकार पार्टी (जाप) के अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव चीन की कंपनियों का बहिष्कार करने के लिए सड़क पर उतर आए हैं। गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना में वे अपने समर्थकों के साथ चीनी प्रोडक्टर के बहिष्कार का नारा बुलंद करते हुए दिखाई दिए। इस दौरान पप्पू यादव ने एक चीनी मोबाइल कंपनी के विज्ञापन पर कालिख भी पोत दी। विज्ञापन तक पहुंचने के लिए उन्होंने जेसीबी का सहारा लिया। जेसीबी मशीन पर सवार हो कर पप्पू यादव अपने एक समर्थक के साथ विज्ञापन पर कालिख पोतते हुए नजर आए।
[removed]#WATCH Bihar: Jan Adhikar Party Chief Pappu Yadav climbs a JCB machine in Patna to blacken banner of a Chinese mobile phone manufacturer. pic.twitter.com/TSUBGx8WvI
— ANI (@ANI) June 18, 2020
इस दौरान पप्पू यादव ने कहा कि मैं सभी अभिनेताओं और क्रिकेटरों से भी अपील करता हूं कि आप सभी चीन की कंपनियों का विज्ञापन न करें। जाप बिहार में लगे चीनी विज्ञापनों का बहिष्कार करेगी। उन्होंने जनता और व्यपारियों से चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करने की अपील की। पप्पू यादव ने कहा कि
चीन की सेना वास्तविक नियंत्रण रेखा का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा में घुस आई और धोखे से हमारे जवानों को मारा। देश की जनता चीन के सामान का बहिष्कार करेगी। इससे चीन को आर्थिक नुक्सान होगा और कड़ा सबक मिलेगा।
जाप के प्रमुख प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह ने कहा कि हम पूरे पटना से चीनी विज्ञापनों का हटा देंगे। हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि जिस देश ने हमारे सैनिकों को मारा उस देश का सामान हमारे यहां बिके। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन पप्पू ने कहा कि सैनिकों के सम्मान में हमसब को चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करना चाहिए।
लद्दाख के गलवान घाटी में भारत-चीन सीमा पर चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में भारत के 20 सैनिक शहीद हो गए थे। इनमें से 6 सैनिक बिहार के रहने वाले थे। सीमा पर हुई इस झड़प के बाद देश में चीन के प्रति गुस्सा है। इसी कारण चीनी कंपनियों के सामान की बहिष्कार की बात भी हो रही है। तमाम संगठन चीन की कंपनियों को भारत में प्रतिबंधित करने की मांग कर रहे हैं।
[removed]Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments