बिजनौर: प्यार अंधा होता है, ये तो खूब सुना होगा आपने, लेकिन जब वो बेरहम, जालिम और कातिल निकल जाए, तो आप क्या करेंगे। वो उसकी शोख अदाओं पर मरता था। मासूम चेहरे पर जान छिड़कता था। यार-दोस्तों के बीच उसका जिक्र होता, तो खुद पर नाज करने लगता। दिल तो पहले हार ही चुका था, निकाह कर उसने अपनी जिंदगी भी उसके नाम लिख दी। लेकिन, शायद उसे अंदाजा भी नहीं था, कि जिसके साथ वो जीने-मरने की कसमें खा रहा है, एक दिन वही उसकी जिंदगी को जहन्नुम बना देगी। जिसके लिए वो अपने दिल में अरमानों का गुलशन सजा रहा था, एक दिन उसकी वही शरीक-ए-हयात उस गुलशन को तहस-नहस कर देगी। ये कहानी है बिजनौर के मन्नान जैदी की, जिसकी बीवी मेहर जहां की हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में मन्नान जैदी के हाथ बंधे हैं। उसे दूध में नशीली दवाई मिलाकर दी गई है। वो बिस्तर पर बदहवाश हालत में है। शरीर पर ऊपर के कपड़े भी उतारे हुए हैं। वो तड़प रहा है, चीख रहा है, लेकिन सामने बैठी उसकी बीवी मेहर जहां उसके ऊपर बेइंतिहां जुल्म ढा रही है। वो पहले उसकी छाती पर चढ़कर बैठती है। फिर उसका गला दबाती है, उसे थप्पड़ों से मारती है। इतने से भी जब उसका दिल नहीं भरता, तो उसे जलती सिगरेट से दागती है। उसके हाथ में एक चाकू है। वो मन्नान को उसका प्राइवेट पार्ट काटने की धमकी देती है। उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं, कोई पछतावा नहीं, कोई डर नहीं। देखकर लगता है कि शायद वो ऐसा पहली बार नहीं कर रही।
बीयर, बिरयानी और...
मेहर जहां की हैवानियत का वीडियो सामने आने के बाद वो पुलिस की गिरफ्त में है। उसे देखकर यकीन नहीं होता कि इस मासूम से दिखने वाले चेहरे के पीछे एक खौफनाक चेहरा भी छिपा है। उसके जु्ल्म
ऐसे हैं कि सुनने वालों की रूह कांप रही है। मोहल्ले-पड़ोस के लोग भी उसकी इस करतूत को जानकर हैरान हैं। मन्नान ने पुलिस को बयान दिया है कि उसकी बीवी नशे की आदी है। उसे बीयर चाहिए, बिरयानी चाहिए, सिगरेट चाहिए... और जब उसकी ये ख्वाहिश पूरी नहीं होती, तो उसके अंदर का वहशीपन जाग उठता है। वो भूल जाती है कि मन्नान उसका शौहर है।
इस वजह से मन्नान ने लगवाए सीसीटीवी
इस बीच मन्नान और मेहर की इस दास्तान में अब एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का कनेक्शन भी सामने आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मन्नान से लव मैरिज के बावजूद मेहर का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था। इस बात की भनक मन्नान को भी लगी। उसने मेहर को समझाया कि अपने कदमों को रोक ले... उस राह पर ना चले, जिससे उन दोनों के बीच दरार आए। लेकिन, मेहर ने उसकी एक ना सुनी। मन्नान ने जब उसका विरोध किया, तो वो उसके साथ मारपीट करने लगी। इसके बाद मन्नान ने गुपचुप तरीके से अपने घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगवाए। ताकि, वो मेहर की काली करतूतों को रिकॉर्ड कर सके। और, आखिरकार मेहर का वहशी चेहरा दुनिया के सामने आ गया।
निकाह से पहले ही पता चल गईं थी मेहर की हरकतें
बताया जा रहा है कि निकाह से पहले ही मेहर की हरकतें मन्नान के सामने आने लगी थीं। लेकिन, वो उसके प्यार में पागल था और इसी वजह से उसने निकाह किया। मन्नान ने अब पुलिस को सारी सीसीटीवी फुटेज सौंप दी हैं। उसका कहना है कि उसने पहले भी मेहर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और बताया था कि किस तरह उसकी बीवी उसके ऊपर जुल्म ढाती है। फिलहाल पुलिस ने आईपीसी की कई धाराओं के तहत मेहर के ऊपर मुकदमा दर्ज किया है। इनमें हत्या की कोशिश, शारीरिक शोषण और प्रताड़ित करने की धाराएं शामिल हैं।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments