सिमरन सिंह लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया, नई दिल्ली: बिहार के विभिन्न भागों में मानसून के फिर सक्रिय होने की परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार से पूरे राज्य में बारिश की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी भागों में कई स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है। जबकि दक्षिण मध्य तथा दक्षिण-पूर्व भागों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
सुपौल, अररिया और किशनगंज समेत 7 जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कटिहार, बांका, सुपौल, अररिया, सीतामढ़ी, मधुबनी और दरभंगा में जोरदार बारिश की संभावना है। इसके अलावा राज्य के दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पूर्व और उत्तर-मध्य भागों में कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 30 और 31 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य में अब तक सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिम चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, पूर्णिया, जमुई और नवादा में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गयी है। पूर्वी चम्पारण के ढाका में सबसे अधिक 30.5 मिलीमीटर और
पूर्णिया के अमौर में 28.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अब तक सामान्य से करीब 47 प्रतिशत कम बारिश हुई। 1 जून से लेकर 27 जुलाई तक राज्य में औसत रूप से 462.9 मिलीमीटर बारिश की जगह सिर्फ 243.4 मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य के कई जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई।
कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी
उत्तर भारत में हो रही बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न भागों से होकर गुजरने वाली नदियों के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गयी है। केन्द्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगा नदी के जलस्तर में बक्सर और भागलपुर के कहलगांव में वृद्धि जारी है। वहीं, पटना के दीघा घाट, गांधी घाट, हाथीदह और मुंगेर में स्थिर बना हुआ है। सोन नदी का जलस्तर भोजपुर के कोइलवर और पटना के मनेर फिर से बढ़ रहा है। घाघरा नदी के जलस्तर में सीवान के दरौली और गंगपुरसिसवन में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। गंडक नदी गोपालगंज के डुमरियाघाट में खतरे के निशान के अत्यंत करीब बह रही है। वहीं, बागमती नदी का जलस्तर मुजफ्फरपुर के बेनीबाद में खतरे के निशान को पार कर गया है। कोसी नदी का जलस्तर खगड़िया के बलतारा और सुपौल के बसुआ में लाल निशान के पास बना हुआ है।
Comments