साउथ दिल्ली के छतरपुर इलाके में शनिवार देर रात एक रेव पार्टी पर पुलिस और एक्साइज डिपार्टमेंट ने छापा मारा। नाबालिग लड़के और लड़कियां भी इस पार्टी में शामिल थे। पुलिस ने यहां से भारी मात्रा में शराब (विदेशी ब्रांड भी), 5.43 लाख रुपए, नशीले पदार्थ की गोलियां, लैड क्रूजर व होंडा सिटी कार बरामद की।पुलिस ने महरौली थाने में एक्साइज एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दर्जनभर लोग पुलिस हिरासत में हैं। अन्य लोगों को कुछ घंटे की पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फरीदाबाद के सेक्टर-43 निवासी पुलकित रस्तोगी व सेक्टर-15 निवासी चिराग और आकाशदीप नागर, गाजियाबाद निवासी मनीष तोमर व नवल गोयल, असोला फतेहपुर बेरी निवासी जयकुमार और दल्लूपुरा निवासी मोहित बैसला के तौर पर हुई है।पुलिस जांच में पता चला पार्टी के मुख्य आयोजक ग्रेटर नोएडा निवासी गौरव मावी व अली हैं। ये दोनों फरार हैं। इनका प्रॉपर्टी का बिजनेस है। संयुक्त पुलिस आयुक्त दक्षिण रेंज देवेश श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की रेड देर रात लगभग एक बजे डाली गई थी। यह पार्टी एजेंक कोलाब, धान मिल कम्पाउंड, छतरपुर में रखी गई
थी। पार्टी में लगभग 600 लोग शामिल हुए थे।पार्टी में नकली ग्राहक बनकर पहुंचे 2 पुलिसकर्मी, 4 हजार में लिए पास :हेड कांस्टेबल विकास व कांस्टेबल राजेंद्र को 2 हजार रुपए के 2 नोट देकर पार्टी स्थल पर भेजा गया। हेड कांस्टेबल ने बार काउंटर पर खड़े पुलकित से 4 हजार रुपए के दाे एंट्री पास ले लिए। उनके साथ उसे 8 कूपन भी दिए गए। हर कूपन पर 500 रुपए लिखा था। इसके बाद एसीपी को खबर दी गई। उसके पास से गहरे ब्राउन कलर की 17 और गुलाबी रंग 21 टेबलेट भी मिलीं। ये चरस व मोरफिन बताई जा रही हैं। गौरव मावी की लैंड क्रूजर व होंडा सिटी कार में अवैध शराब रखी हुई थी।
एक्साइज डिपार्टमेंट और पुलिस ने चलाया संयुक्त रूप से ऑपरेशन :8 जून को एक्साइज डिपार्टमेंट के मुखबिर ने एसीपी आलोक कुमार को पार्टी की जानकारी दी थी। इनपुट मिलने पर एसीपी ने सब इंस्पेक्टर विशाल चौधरी, हेड कांस्टेबल विकास, कांस्टेबल राजेन्द्र समेत कई पुलिसकर्मियों की टीम को रात में रेड डालने के लिए तैयार किया। साथ ही दक्षिण जिले की स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर प्रफुल्ल मिश्रा की टीम को भी ले लिया। पुलिस ने यहां से करीब 68 बोतल शराब की बरामद कीं।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments