सिमरन
लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
नई दिल्ली : उत्तर भारत में हो रही बारिश से दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर चली गई है। हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से सोमवार दिनभर दो लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने से दिल्ली में पुराना लोहे के पुल पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान 205.30 को पार करता हुआ 205.40 तक पहुंच गया। अधिकारियों का कहना है कि अभी भी जलस्तर का बढ़ना जारी है। उधर, सोमवार देर शाम को एहतियातन यमुना के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने का काम शुरू कर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार सुबह
तक यमुना के तटीय इलाके जलमग्न हो सकते हैं।
दरअसल, दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत और पहाड़ों पर कई दिन से तेज बारिश हो रही है। इससे यमुना के जलस्तर में लगातार इजाफा हो रहा है। पानी बढ़ने से हथिनी कुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा भी बढ़ा दी गई है। सोमवार दिनभर दो लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया। इस बीच हरियाणा और दिल्ली में बारिश भी होती रही। इसका मिला-जुला असर यह रहा कि सोमवार शाम को ही नदी खतरे के निशान को पार कर गई जबकि प्रशासन का अनुमान था कि मंगलवार सुबह तक यमुना खतरे के निशान को पार करेगी।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments