कांग्रेस MLA रवि ठाकुर स्वाइन फ्लू पॉजिटिव:दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती, राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में हुए थे शामिल
गब्बर सिंह वैदिक से लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
हिमाचल में लाहौल स्पीति से कांग्रेस विधायक रवि ठाकुर को स्वाइन फ्लू हो गया है। उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उनके स्वास्थ्य में हालांकि सुधार बताया जा रहा है, लेकिन अस्पताल से छुट्टी मिलने में अभी एक-दो दिन का वक्त लगेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, तबीयत खराब होने पर विधायक रवि ठाकुर को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में बुधवार शाम को उपचार भर्ती कराया गया। वहां उनके ब्लड सैंपल लिए गए। सैंपलों की जांच में उनकी स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उन्हें
डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।
गौरतलब है कि हिमाचल कांग्रेस के सभी विधायक काफी दिनों से दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। रवि ठाकुर सहित कई कांग्रेस विधायक और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राजस्थान के अलवर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुए थे। वहां से लौटने के बाद रवि ठाकुर सहित कांग्रेस के विधायक दिल्ली में जमे हुए हैं।
विधायक रवि ठाकुर इस दौरान कांग्रेस पार्टी कार्यालय, सेवादल कार्यालय सहित पार्टी से संबंधित कई संस्थानों में घूम चुके हैं और कई नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। ऐसे में अब रवि ठाकुर के स्वाइन फ्लू की चपेट में आने के बाद उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। उन्हें हिमाचल लौटने में 4-5 दिन और लग सकते हैं।
Comments