छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव विकसित भारत के विजन पर लड़ा है। जबकि, कांग्रेस नेताओं ने सिर्फ झूठ और बदजुबानी को ही अपना ध्येय बना लिया था। श्री साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर कहा कि कांग्रेस ने संविधान और आरक्षण पर लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश की। वहीं, लगातार फर्जी वीडियो भी वायरल किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में मतदान कर भाजपा पर अपना भरोसा जताया है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि छत्तीसगढ़
के विकास के लिए जनता ने भाजपा के पक्ष में स्वस्फूर्त मतदान किया है। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव में मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया। श्री देव ने कहा कि जनता सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए भाजपा की सरकार चाहती है। दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि यह चुनाव देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद पोलिंग बूथों के बाहर मतदाताओं का रूझान कांग्रेस के प्रति दिखाई दिया। किसान, मजदूर और महिलाएं देश में कांग्रेस के पक्ष में है।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments