अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब उनके दोस्त और सीरियल पवित्र रिश्ता के डायरेक्टर कुशल झवेरी ने एक वॉट्सऐप चैट जारी कर दावा किया है कि सुशांत डिप्रेशन में नहीं थे। बताया जा रहा है कि यह चैट 1 और 2 जून के बीच का है। इसमें सुशांत और कुशल के बीच चैट पर हुई आखिरी बातचीत भी कहा जा रहा है।
जो स्क्रीनशॉट झावेरी की ओर से शेयर किए गए हैं, उसमें सुशांत अपने दोस्त को बताते हैं कि उनका स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। फिर वो कुशल को समझाते हैं कि जीवन में संघर्ष से कभी डरना नहीं चाहिए, यही जिंदगी का गोल्डन पीरियड होता है।
#MeToo पर भी कुशल ने किया था खुलासा
इससे पहले झवेरी ने खुलासा किया था कि #MeToo के आरोप लगने के बाद सुशांत 4 रात तक नहीं सोए थे। वो इंतजार कर रहे थे कि एक्ट्रेस संजना सांघी आरोपों का सच कब बताएंगी। 2018 में अफवाहें उड़ी थीं कि फिल्म ‘दिल बेचारा’ की शूटिंग के दौरान सुशांत ने
को-स्टार सांघी के साथ बदसलूकी की थी। हालांकि, बाद में एक्ट्रेस ने इन आरोपों को गलत बताया था।
सुशांत के समर्थन में सोशल मीडिया में पोस्ट लिखा था
इससे पहले भी कुशल ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट में लिखा, ‘‘मैं सुशांत के साथ जुलाई 2018 से फरवरी 2019 तक रहा हूं। मैंने उन्हें सबसे ज्यादा तकलीफ में तब देखा था, जब अक्टूबर 2018 के दौरान चले #MeToo मूवमेंट में उन पर आरोप लगे थे। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया बिना किसी सबूत के उन पर हमले कर रहा था। हमने संजना सांघी से कॉन्टैक्ट करने की कोशिश की, लेकिन तब वे यूएस में थीं और बात नहीं कर सकती थीं (अजीब इत्तेफाक है)।
पंखे से लटका मिला था सुशांत का शव
सुशांत (34) का शव 14 जून को मुंबई के बांद्रा में उनके फ्लैट की छत से लटका मिला था। इसके बाद से मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अब तक कम से कम 56 व्यक्तियों के बयान दर्ज कर चुकी है। इस मामले में सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया पर काफी सवाल उठ रहे हैं। बिहार सरकार की सिफारिश पर सीबीआई भी मामले की जांच कर रही है।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments