दिल्ली के जामिया इलाके में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक शख्स को बंदूक लहराते देखा गया। युवक पुलिस के सामने ही निडर होकर बंदूक दिखाता रहा। इसके बाद उसने गोली भी चलाई जिसमें एक छात्र घायल हो गया है। हालांकि दावा है कि छात्र को युवक की नहीं बल्कि पुलिस की गोली लगी है। छात्र को होली फैमिली अस्पताल में ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
ये घटना जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से लेकर राजघाट तक के मार्च के दौरान हुई। हैरान करने वाली बात है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच युवक वहां गन लेकर पहुंचा। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि आरोपी युवक इस दौरान भारत मां की जय, दिल्ली पुलिस जिंदाबाद और वंंदे मातरम का नारा लगा रहा था।
पुलिस ने बताया कि उक्त व्यक्ति की पहचान रामगोपाल के रूप में हुई है और वह जेवर का रहने वाला है। उसे
प्रदर्शनकारी छात्रों ने पकड़ लिया था। एक छात्र को घायल जैसी स्थिति में देखकर जामिया इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। दिल्ली मेट्रो ले तीन स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में गोली चलाने वाले से पूछताछ की जा रही है।
घटना के समय वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और कई मीडिया समूह के लोग मौजूद थे। ये छात्र जामिया से महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जा रहे थे।
गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में बीते माह भी हिंसा हुई थी। जिसके बाद पुलिस कैंपस के अंदर घुसी थी और प्रदर्शनकारियों की पिटाई की थी। पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ कई जगहों पर प्रदर्शन किया गया। इस हिंसा में डीटीसी की 5 बसें, 100 निजी वाहन और पुलिस की 10 मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने कहा कि उसने प्रदर्शनकारियों द्वारा ''उकसाए जाने के बावजूद ''अधिकतम संयम, न्यूनतम बल का इस्तेमाल किया।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments