पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का आज यानी 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में मेगा कॉन्सर्ट होने जा रहा है। दिलजीत के 'Aura India Tour 2026' के इस शो को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। वहीं, बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। कॉन्सर्ट के चलते दक्षिण दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से लेकर रात 12 बजे तक JLN स्टेडियम और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे।
इनमें भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी एवेन्यू रोड और पांचवीं एवेन्यू रोड शामिल हैं। इसके अलावा CGO कॉम्प्लेक्स, बारापुला फ्लाईओवर, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन रास्तों से बचने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को कॉन्सर्ट के आसपास के प्रभावित रास्तों से बचने और यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई जगह डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं।
मेट्रो से पहुंचना रहेगा बेहतर विकल्प
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। वायलेट लाइन से आने वाले दर्शक JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। वहीं, येलो लाइन से आने वाले यात्री INA या जोर बाग मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
खास बात यह है कि दिल्ली मेट्रो ने कॉन्सर्ट को देखते हुए अपनी सेवाओं का समय बढ़ाया है। 30 अक्टूबर को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को छोड़कर अन्य लाइनों पर मेट्रो सेवाएं आधी रात तक उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
स्टेडियम में नहीं मिलेगी सामान्य पार्किंग
कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों के लिए स्टेडियम के आसपास सामान्य पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। कैब और ऑटो के लिए भी निर्धारित पिकअप और ड्रॉप पॉइंट तय किए गए हैं। ऐसे में दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचें।
दिलजीत दोसांझ का यह कॉन्सर्ट शाम को आयोजित होगा। कार्यक्रम के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में अगर आप आज दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।