4.5 साल Google में नौकरी के बाद छोड़ी लाखों की सैलरी, पंखुड़ी जैन मेहता ने बताई वजह
दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Google में नौकरी करना लाखों युवाओं का सपना होता है। शानदार सैलरी, बेहतर सुविधाएं और बड़े ब्रांड के साथ काम करने का मौका… ये सब किसी भी प्रोफेशनल के लिए बड़ी उपलब्धि माने जाते हैं। लेकिन पंखुड़ी जैन मेहता ने Google में करीब साढ़े चार साल काम करने के बाद अपनी नौकरी छोड़ने का फैसला किया है। उनका यह कदम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
आखिरी वर्किंग डे पर साझा किया वीडियो
पंखुड़ी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर Google में अपने आखिरी वर्किंग डे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी में बिताए साढ़े चार साल के दौरान उन्होंने काफी कुछ सीखा और इस सफर ने उन्हें पहले से ज्यादा समझदार और परिपक्व बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी कंपनी और अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़ना उनके लिए भावुक करने वाला फैसला है। उन्हें कंपनी के लोगों, सुविधाओं और मिलने वाले फायदों की कमी महसूस होगी।
बेटी के साथ बिताना चाहती हैं ज्यादा समय
नौकरी छोड़ने के पीछे पंखुड़ी की एक बड़ी वजह उनकी निजी जिंदगी और परिवार है। उन्होंने बताया कि काम की व्यस्तता के कारण वह अपनी बेटी के साथ उतना समय नहीं बिता पा रही थीं, जितना बिताना चाहती थीं। अब वह कुछ समय का ब्रेक लेकर बेटी के साथ वक्त बिताना चाहती हैं। इसके साथ ही वह अपनी सेहत और निजी जिंदगी पर भी ध्यान देना चाहती हैं।
फिलहाल दूसरी नौकरी की योजना नहीं
पंखुड़ी ने साफ किया है कि Google छोड़ने के तुरंत बाद वह किसी दूसरी कंपनी में नौकरी जॉइन नहीं करेंगी। वह कुछ समय रुककर अपनी प्राथमिकताओं पर ध्यान देना चाहती हैं। हालांकि, उन्होंने आगे की योजनाओं को लेकर किसी बड़े बदलाव का संकेत जरूर दिया है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी अगली शुरुआत किस दिशा में होगी।
कंटेंट क्रिएशन रखेंगी जारी
नौकरी छोड़ने का मतलब यह नहीं है कि पंखुड़ी कंटेंट क्रिएशन से दूरी बना लेंगी। उन्होंने बताया कि वह अपना यह काम जारी रखेंगी। उनके इस फैसले ने एक बार फिर करियर और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाने की चर्चा को सामने ला दिया है। पंखुड़ी की कहानी बताती है कि कभी-कभी अच्छी नौकरी और सुविधाओं के बावजूद लोग अपनी प्राथमिकताओं को नए सिरे से तय करने का फैसला लेते हैं।