दिल्ली में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कमर कस ली है। इसे लेकर रविवार को गृहमंत्री अमित शाह ने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान तालकटोरा स्टेडियम में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद करते हुए दावा किया कि इस बार दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी।
इस दौरान उन्होंने दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सीएम केजरीवाल ने जनता को झांसा दिया। यह बार-बार नहीं हो सकता। जनता हर बार किसी के झांसे में नहीं आ सकती। इस बार दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। अमित शाह ने मोहल्ला मीटिंग द्वारा लोगों तक पहुंचने का आह्वाहन करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के साथ मैं खुद जनता के साथ मोहल्ला मीटिंग करूंगा।
उन्होंने कहा कि जनता ने नगर निगम चुनाव में भाजपा का चुनाव किया। इससे साफ हो गया कि दिल्ली की जनता किसे चाहती है। उन्होंने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 20 कॉलेज और 50 स्कूलों का वादा किया गया था, लेकिन वो स्कूल कॉलेज कहीं नहीं दिख रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर सीएए को लेकर कांग्रेस और आप सरकार पर झूठ फैलाने और दंगा भड़काने का
आरोप लगाया। इसके साथ ही एक बार फिर नागरिकता कानून का विरोध कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि इससे किसी की नागरिकता खतरे में नहीं है।
उन्होंने भाजपा के कामों की गिनती करवाने के बाद आप सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब केजरीवाल को बताना चाहिए कि उन्होंने दिल्ली के लिए क्या किया। वहीं सीएए के समर्थन में जारी किए गए टोल फ्री नंबर पर चल रही अफवाहों पर भी अमित शाह ने साफ कहा कि यह किसी दूसरे चैनल का नंबर नहीं है, बल्कि इसे नागरिकता कानून के समर्थन में भाजपा द्वारा जारी किया गया है।
इस दौरान हजारों का संख्या में कार्यकर्ताओं के अलावा भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी, मिनाक्षी लेखी, सांसद रमेश बिधूड़ी समेत कई लोग मौजूद रहे।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments