पास जाते ही बजने लगता था हॉर्न, गुस्साए पड़ोसी ने महिला वकील की कार को किया आग के हवाले, CCTV VIDEO
गुजरात के मोरबी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कार के सेंसर अलार्म से परेशान एक शख्स ने अपनी पड़ोसी महिला वकील की कार में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि जब भी आरोपी कार के पास से गुजरता था, उसका सेंसर अलार्म बजने लगता था। बार-बार हॉर्न की आवाज से परेशान होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर के बाहर खड़ी कार में लगाई आग
यह घटना मोरबी के वाघपरा इलाके की है। यहां महिला वकील पुष्पाबेन भट्ट की मारुति स्विफ्ट कार घर के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि पड़ोसी शिखर जयेशभाई गोहेल ने कार पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़का और फिर माचिस से आग लगा दी।
घटना 28 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। आग लगने के बाद कार का अगला हिस्सा और अंदरूनी हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में करीब 3.5 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
कार में आग लगाने की घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में आरोपी कार के पास आता दिखाई देता है। इसके बाद वह वाहन पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डालता है और आग लगा देता है।
बताया गया है कि आग लगने के बाद आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से जलती हुई कार का वीडियो भी बनाया। CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
सेंसर की आवाज से था परेशान
मोरबी के डिप्टी एसपी जेएम आल के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी कार के सेंसर अलार्म से परेशान था। जब भी वह गाड़ी के पास से गुजरता था, सेंसर की वजह से हॉर्न बजने लगता था। इसी बात से नाराज होकर उसने कार में आग लगा दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
महिला वकील की शिकायत पर मोरबी सिटी ए डिवीजन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी शिखर गोहेल को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आग लगाकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
गौरतलब है कि मोरबी में इससे एक दिन पहले भी रावापर रोड पर एक अन्य कार में आग लगाए जाने का मामला सामने आया था। उस घटना में दो अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।