Kashish || @LocalNewsOfIndia
कोलकाता:राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य को पश्चिम बंगाल भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस बात की आधिकारिक घोषणा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को कोलकाता के साइंस सिटी में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान की। उन्होंने भट्टाचार्य को निर्वाचन प्रमाण पत्र भी सौंपा। भट्टाचार्य 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की कमान संभालेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद समिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में बंगाल की संस्कृति, बहुलतावाद और ऐतिहासिक विरासत खतरे में है। उन्होंने दावा किया कि 2026 का विधानसभा चुनाव बंगाल की आत्मा और अस्तित्व की लड़ाई होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा किसी समुदाय के खिलाफ नहीं बल्कि हिंसा और सांप्रदायिक राजनीति के खिलाफ लड़ रही है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इस नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक सतत रिले रेस है। पहले नेतृत्व उनके पास था, अब नई जिम्मेदारी समिक
भट्टाचार्य के पास है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी ममता बनर्जी की सरकार को सत्ता से बाहर करने के अपने संकल्प पर अडिग रहेगी।
भट्टाचार्य का अध्यक्ष बनना पहले से लगभग तय माना जा रहा था, क्योंकि उनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा। बुधवार को उन्होंने साल्ट लेक स्थित भाजपा के राज्य मुख्यालय में निवर्तमान अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया था। रविशंकर प्रसाद ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही वैध नामांकन दाखिल हुआ था, इसलिए निर्वाचन निर्विरोध हुआ।
यह नियुक्ति भाजपा के आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। पार्टी संगठन में बदलाव और नई ऊर्जा के साथ बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी को चुनौती देने की तैयारी में है। समिक भट्टाचार्य को एक सक्षम और जमीन से जुड़े नेता के रूप में देखा जा रहा है, जो पार्टी को अगले चुनाव में निर्णायक मोड़ तक ले जाने की क्षमता रखते हैं।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments