लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए आज आखिरी मौका है। SBI PO Recruitment 2026 के तहत कुल 1500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को SBI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इस भर्ती अभियान के तहत चयनित उम्मीदवारों को बैंकिंग सेक्टर में अधिकारी स्तर पर काम करने का अवसर मिलेगा। आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू हुई थी, जिसकी अंतिम तारीख 8 जुलाई 2026 तय की गई है।
SBI PO भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री होना जरूरी है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु सीमा 21 से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
SBI PO चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। इसमें सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), इसके बाद मुख्य परीक्षा (Mains) और अंतिम चरण में इंटरव्यू व अन्य चयन प्रक्रिया शामिल होगी। प्रारंभिक परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 प्रश्न होंगे और परीक्षा की अवधि एक घंटे की होगी।
जानकारी के मुताबिक, SBI PO Prelims Exam अगस्त 2026 में आयोजित होने की संभावना है। प्रारंभिक परीक्षा के लिए कॉल लेटर जुलाई के दूसरे या तीसरे सप्ताह से जारी किए जा सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
SBI ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना फॉर्म जमा कर दें। बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।