लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
ऋचा बर्नवाल
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 के री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन परिणाम जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने बताया कि प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि बाकी आवेदनों के नतीजे भी चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे।
CBSE के अनुसार जिन छात्रों ने अंकों के सत्यापन, मूल्यांकन संबंधी आपत्तियों या उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था, वे अपने संशोधित परिणाम DigiLocker और अन्य आधिकारिक माध्यमों से देख सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि पूरी प्रक्रिया को एक मजबूत और पारदर्शी प्रणाली के तहत संचालित किया गया है।
इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर छात्रों और अभिभावकों की ओर से कई सवाल उठाए गए थे। इसके बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपने अंकों की पुनः जांच के लिए आवेदन किया था। CBSE ने स्पष्ट किया है कि शेष आवेदनों के परिणाम भी जल्द जारी किए जाएंगे।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने संशोधित अंकपत्र डाउनलोड कर सुरक्षित रखें और किसी भी अपडेट के लिए आधिकारिक CBSE पोर्टल तथा DigiLocker पर नजर बनाए रखें।