लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पूर्वी सिंहभूम, 23 मार्च। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत हो गई। यह दुर्घटना एनएच-220 पर छोटानागपुर कॉलेज के पास रितिका ढाबा के समीप हुई, जहां सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से टेंपो जा टकराया।
जानकारी के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित एदल गांव निवासी चोनडी नंदी उर्फ डोमा नंदी (38) टेंपो से पोटका के भूमरी नवकुंज से लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन अनियंत्रित होकर हाईवा के पिछले हिस्से से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें Tata Main Hospital पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों के अनुसार चोनडी नंदी परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके घर में वृद्ध माता-पिता हैं और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया।