लक्ष्मी शर्मा
लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
भुवनेश्वर। वर्षों से बीजू जनता दल की सक्रिय कार्यकर्ता रही और कई बड़े दायित्वों को निभा चुकी, वर्तमान में महिला मामलों की महासचिव श्रीमयी मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बीजू जनता दल ने निलंबित कर दिया है ।
सोशल मीडिया पोस्ट
यह कार्रवाई श्रीमयी मिश्रा की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट के बाद की गई है, जिनमें उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए धृतराष्ट्र जैसे शब्द का प्रयोग किया था ।
पार्टी का कहना है कि श्रीमयी को पहले भी चेतावनियाँ दी गई थीं, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर पार्टी लाइन का पालन नहीं किया ।
हालांकि, निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीमयी ने इस फैसले को खारिज करते हुए कहा, मैंने पिछले एक साल से पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण ही नहीं कराया है। ऐसे में अगर कोई पार्टी किसी ऐसे व्यक्ति को निलंबित करती है, जो सदस्य ही नहीं है, तो यह हास्यास्पद हैं।
महिलाओं का सम्मान
अपने बयान में मिश्रा ने ओड़िया अस्मिता और महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “ओडिशा पर लंबे समय से एक गैर-ओड़िया के प्रभाव में शासन होता आया हैं। एक ओड़िया महिला के सम्मान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, जो नेता माताओं के सम्मान की बात करता है, वही आज साबित कर रहा है कि वह स्वतंत्र निर्णय लेने में सक्षम नहीं हैं।